बैतूल , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से 100 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया चार अगस्त से शुरू हो चुकी है। चयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा छह सितंबर 2026 को स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और शहडोल में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक होगी। परीक्षा की अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है। आवेदनों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी एक सितंबर 2026 के बाद एमपी ऑनलाइन और मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र पर परीक्षा केंद्र सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहेगी।
जनजातीय कार्य विभाग ने विद्यार्थियों को आवेदन से पहले योजना की नियमावली और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। विद्यार्थी आवश्यकता होने पर जिले अथवा संभागीय स्तर पर स्थित जनजातीय कार्य विभाग के कार्यालयों से भी संपर्क कर सकते हैं।
विभाग का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के लिए बेहतर मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। चयनित विद्यार्थियों को प्रारंभिक परीक्षा से लेकर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित