खटीमा , मार्च 15 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली प्रदेश की तीन बेटियों को रविवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास में शांभवी तिवारी (किच्छा), प्रिया चौहान (काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (भीमताल) से संवाद कर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बेटियों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। लता बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान का टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व कर दोनों चोटियों का आरोहण किया है।
मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करते हुए इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित