लखनऊ , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न मुख्य भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा अथवा साक्षात्कार की तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है। जारी कैलेंडर के अनुसार प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा 9 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक आयोजित होगी, जबकि सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा 23 अगस्त 2026 को इसी समय प्रस्तावित है। अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) तथा अनुदेशक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों के साक्षात्कार अगस्त माह में होंगे।

आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (2022 एवं 2023) के लिए हिन्दी आशुलेखन एवं टंकण परीक्षा 1 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 20 सितंबर को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक तथा भेषजिक (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

वन रक्षक एवं वन्यजीव रक्षक मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 से 5 बजे तक होगी। अनुदेशक मैकेनिक (डीजल इंजन) एवं अनुदेशक टर्नर पदों के साक्षात्कार सितंबर माह में आयोजित किए जाएंगे।

आयोग ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित की है। अनुदेशक मशीनिस्ट पद के साक्षात्कार भी अक्टूबर माह में होंगे। प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गेनाइजर मुख्य परीक्षा 22 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक तथा हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 से 5 बजे तक आयोजित होगी। गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा 29 नवंबर को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक तथा मोहर्रिर मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

दिसंबर माह में लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर को पूर्वाह्न 10 से 12 बजे तक तथा विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा उसी दिन अपराह्न 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा (2023) की टंकण परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से समय-समय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा कार्यक्रम में किसी संभावित बदलाव की जानकारी मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित