नयी दिल्ली/ पेरिस , अप्रैल 14 -- संयुक्तराष्ट्र संघ के पेरिस स्थित संगठन यूनेस्को में भारत के स्थाई प्रतिनिधि राजदूत विशाल वी शर्मा ने अंबेडकर जयंती पर भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की।राजनयिक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।

श्री शर्मा ने यूनेस्को की कार्यकारी परिषद के 224वें सम्मेलन के दौरान अलग से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

यूनेस्को मुख्यालय पर इस अंबेडकर-प्रतिमा का अनावरण पिछले वर्ष के संविधान दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत किया गया था।

राजदूत शर्मा ने कहा कि यह प्रतिमा डॉ आंबेडकर की विरासत के प्रति एक स्थायी श्रद्धांजलि है।

राजदूत शर्मा ने लिखा ,"डॉ. अंबेडकर का जीवन हमें याद दिलाता है कि शिक्षा सशक्तिकरण का सबसे शक्तिशाली मार्ग है, जो युवा पीढ़ियों को आगे बढ़ने और अपने भविष्य को बदलने के लिए प्रेरित करता है।"संयुक्त राष्ट्र संघ के अंतर्गत यूनेस्को शिक्षा विज्ञान और संस्कृतियों के प्रसार के माध्यम से विश्व में विकास और स्थिरता को प्रोत्साहित करने वाली संस्था है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित