डकार (सेनेगल) , अक्टूबर 31 -- भारत का 17 सदस्यीय दल आज से यहां शुरु हो रहे यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की 11 स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। यूथ ओलंपिक का उद्घाटन समारोह शनिवार को डायम्नियाडियो के 'स्टेड अब्दौले वाडे' में होगा, जबकि समापन समारोह 13 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। समर यूथ ओलंपिक गेम्स के चौथे संस्करण में लगभग 2,700 युवा एथलीट हिस्सा लेंगे। इसमें 25 खेलों में 153 पदक स्पर्धाएं होंगी। ये इवेंट्स डकार, डायम्नियाडियो और सैली में आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन इतिहास रचेगा, क्योंकि अफ्रीका में होने वाला यह पहला ओलंपिक खेल आयोजन होगा।

भारत के 17 सदस्यीय दल में 11 महिला और 6 पुरुष एथलीट शामिल हैं। 14 साल की विंडसर्फर प्रियांशी पाटिल इस दल की सबसे युवा भारतीय एथलीट हैं। वह आठ से 12 नवंबर तक महिलाओं के विंडसर्फिंग इवेंट में हिस्सा लेंगी।

भारतीय दल में प्रमुख नामों में पेरिस 2024 ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली धिनिधि देसिंघु, एशियाई अंडर17 बैडमिंटन चैंपियन तन्वी पात्री और टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास शामिल हैं। धिनिधि महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी, जबकि तन्वी और सिंड्रेला क्रमशः महिलाओं के सिंगल्स बैडमिंटन और टेबल टेनिस इवेंट्स में भाग लेंगी।

ओलंपियन और पूर्व एशियाई चैंपियन शॉट पुटर ओम प्रकाश सिंह करहाना भारत के 'शेफ डी मिशन' होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित