घनौर , मई 27 -- यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने बुधवार को अपनी आगामी पदयात्रा 'बोलेगा घनौर, बदलेगा दौर' की घोषणा की।

श्री झिंजर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों से घनौर के लोगों को लगातार नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले पांच वर्षों तक कांग्रेस सरकार और उसके बाद चार वर्षों तक आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान घनौर के लोगों की आवाज को दबाया जाता रहा।

श्री झिंजर ने कहा, "पिछले नौ वर्षों में सभी सरकारों ने घनौर के लोगों का फायदा उठाया, लेकिन उनकी वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। जनता की समस्याओं को सीधे सुनने, गांवों की असली दिक्कतों को समझने और फिर उनकी आवाज को उचित स्तर तक पहुंचाने के लिए मैं शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं के साथ पूरे हलके में पदयात्रा करूंगा।"उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा 30 मई को सुबह सात बजे गुरुद्वारा श्री निम्म साहिब पातशाही नौवीं, गांव अक्कर, घनौर से विधिवत रूप से शुरू होगी। यह यात्रा आठ जून को समाप्त होगी और 10 दिनों के दौरान घनौर हलके के 100 से अधिक गांवों को कवर करेगी। अकाली दल नेता ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचना, गांवों में जाकर उनकी शिकायतें सुनना और उनकी समस्याओं को दर्ज करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यात्रा के दौरान जुटाए गए सभी मुद्दों को पंजाब स्तर पर राज्य प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित