तिरुवनंतपुरम , मई 04 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष रमेश चेन्निथला ने सोमवार को केरल विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत को "ऐतिहासिक" जनादेश बताया।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये निर्णायक नेतृत्व प्रदान करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को श्रेय दिया और कहा कि गठबंधन की पांच गारंटियों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केरल की जनता का यह निर्णय, पिछले एक दशक में उन्होंने जो कठिनाइयां और संकट झेले हैं उसके खिलाफ उसकी प्रतिक्रिया है। उन्होंने इसे एक "ऐतिहासिक अनिवार्यता" बताया।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश यूडीएफ को अधिक जिम्मेदार बनाएगा और इसे विनम्रता तथा सम्मान के साथ स्वीकार किया जाएगा। श्री चेन्निथला ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान यूडीएफ के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पूर्ण एकता के साथ काम किया। उन्होंने उल्लेख किया कि उन्हें शुरू से ही विश्वास था कि मोर्चा लगभग 100 सीटें हासिल करेगा, भले ही मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन सहित राजनीतिक विरोधियों ने इस पर संदेह जताया था।
माकपा के भीतर "गंभीर पतन" का आरोप लगाते हुये उन्होंने कहा कि इस चुनाव में न केवल यूडीएफ समर्थकों ने, बल्कि वामपंथियों से सहानुभूति रखने वालों के एक वर्ग ने भी मोर्चे का समर्थन किया। उन्होंने वामपंथ से दूरी बनाने वाले नेताओं का उदाहरण दिया, जिसमें आयशा पोट्टी का कांग्रेस में शामिल होना और वरिष्ठ नेता जी. सुधाकरण का यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ना शामिल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह परिणाम केवल सत्ता विरोधी लहर के कारण नहीं था, बल्कि यूडीएफ के सकारात्मक एजेंडे का समर्थन भी था।
श्री चेन्निथला ने नेताओं को एकजुट करने और अभियान का संचालन करने में श्री राहुल गांधी की भूमिका पर प्रकाश डाला, जिन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा, "अभियान के दौरान घोषित पांच गारंटियों का महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा और उन्हें एक निश्चित समय सीमा के भीतर लागू किया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा कि यूडीएफ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अधिक जवाबदेही के साथ आगे बढ़ेगा और इस जीत के बाद आत्मसंतोष में नहीं डूबेगा।
श्री चेन्निथला ने चुनाव प्रचार के दौरान उनकी भूमिका के लिए समाचार पत्रों, दृश्य माध्यमों और डिजिटल मंचों सहित मीडिया को भी धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित