हरदोई , जनवरी 29 -- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में विरोध तेज होता जा रहा है। युवाओं के प्रदर्शन के बाद गुरुवार को अधिवक्ता संघ समेत आधा दर्जन सामाजिक संगठनों ने अलग-अलग स्थानों से एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार से नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जे.पी. त्रिवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, ब्राह्मण महासभा, क्षत्रिय महासभा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्व सैनिक एसोसिएशन, मानवाधिकार एसोसिएशन, क्षत्रिय करणी सेना और ब्राह्मण परशुराम संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और डीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियम शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाले हैं और इससे छात्रों के भविष्य पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नियमों की भाषा व्यापक और अस्पष्ट है, जिससे इनके दुरुपयोग की आशंका बनी हुई है तथा यह लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है।

ज्ञापन में संगठनों ने नियमों को स्पष्ट रूप से परिभाषित करने, प्रक्रिया तय करने और जिन छात्रों के विरुद्ध शिकायत दर्ज होती है उन्हें सुनवाई का पूरा अवसर देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नियम वापस नहीं लिए तो आगे व्यापक रणनीति बनाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित