लखनऊ , फरवरी 15 -- अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने कहा कि योग्य युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए आवश्यक है कि सरकार यूजीसी के समता संवर्धन कानून पर पुनर्विचार करे।

इस मौके पर उन्होंने देशभर में "सनातन योद्धा संग केसरिया यात्रा" निकालकर समाज को जागरूक और संगठित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता से ही युवाओं को सम्मान और अधिकार मिल सकते हैं।

इस बाबत रविवार को यूपी प्रेस क्लब में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह की अध्यक्षता में मंथन बैठक आयोजित की गई। बैठक में सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग करते हुए समाज की एकजुटता पर जोर दिया।

महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी कानून वापस नहीं लिया गया तो सवर्ण समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा। बैठक में जातिगत आरक्षण समाप्त करने, सवर्ण उत्थान आयोग के गठन, समान नागरिक संहिता लागू करने और जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

बैठक के संयोजक वीरपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि महासभा समाज के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कृपा शंकर सिंह, जितेंद्र सिंह, डॉ. एपी सिंह, बच्चन सिंह राणा, पवन कुमार सिंह और रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित कई पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित