वाराणसी , अक्टूबर 12 -- राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नीतियों, नियमों, स्वर्ण आयोग के गठन और आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इतिहास संरक्षण और शिक्षा में समानता के अधिकार के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए सर्किट हाउस और कचहरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक के बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी और जिलाध्यक्ष आलोक सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और प्रदेश अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
अपर पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन, लिपि नगायच ने बताया कि प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने कहा कि मौके पर 100 से 150 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। श्री रघुवंशी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से कार्यकर्ताओं की मांगें सुनने और उन पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित