प्रतापगढ़ , मार्च 21 -- अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर यूजीसी कानून के जरिए समाज को बांटने का आरोप लगाया है।

श्री सिंह ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' का दावा करती है, लेकिन यूजीसी कानून लागू कर सर्व समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है।

उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज भाजपा का मुख्य वोट बैंक रहा है और यदि यह वर्ग दूर हुआ तो पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। विकास कार्यों पर बोलते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं को पूरा कराने के लिए वह प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण कार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वचालित सीढ़ी के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित होने के बावजूद कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है।

बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए श्री सिंह ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा ब्याज मुक्त ऋण योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ दिलाने के लिए वह प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जौनपुर में एक विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वह प्रयासरत हैं, जिससे प्रतापगढ़ सहित आसपास के जिलों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित