देवरिया , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र के कारमेल गांव निवासी अभिषेक निषाद(22) की यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास रविवार रात रूसी हमले में मौत के बाद गांव में शोक का वातावरण है और परिजन शव लाने की मांग कर रहे हैं।

घटना की सूचना यहां सोमवार की शाम परिजनों को मिली। बताया जाता हे कि अभिषेक निषाद पिछले महीने 10 जून को मुंबई की ओशन ग्रेस शिपिंग प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से मालवाहक जहाज गोल्डन लिओ पर डेक कैडेट के रूप में नौकरी पर गए थे। जहाज यूक्रेन से सामान लेकर सीरिया जा रहा था।

अभिषेक के पिता कौशल निषाद ने बताया कि 19 जुलाई की शाम काला सागर में ओडेसा तट के निकट जहाज पर रूसी सेना ने तीन मिसाइलों से हमला किया। जहाज पर 18 लोग सवार थे, जिनमें अभिषेक समेत कई लोग लापता हो गए। सोमवार शाम कंपनी के एजेंट ने फोन कर अभिषेक की मौत की जानकारी दी। मृतक अभिषेक के पिता कौशल ने बताया कि 19 जुलाई की शाम करीब 7 बजे अभिषेक ने मां अनीता से आखिरी बार बात की थी। बातचीत के दौरान हवाई हमले का सायरन बज गया। अभिषेक ने कहा कि वह बंकर में जा रहे हैं और बाद में बात करेंगे, लेकिन उसके बाद संपर्क नहीं हो सका।

इस सम्बन्ध में परिजनों ने बांसगांव सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से शव भारत लाने और आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित