मॉस्को/कीव , अक्टूबर 22 -- यूक्रेन की राजधानी कीव पर बुधवार की रात रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और चार बच्चों सहित 22 लोग घायल हो गये।

यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के साथ बातचीत के बाद यूक्रेन युद्ध पर त्रिपक्षीय शांति वार्ता फिर शुरू करने के लिए सैद्धांतिक सहमति जताने के कुछ घंटे बाद हुआ।

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में आवासीय मकानों, ऊर्जा अवसंरचनाओं, कार्यालय भवनों, एंबुलेंस स्टेशन, एक मठ और नीपर नदी पर बने पुल को नुकसान पहुंचा। दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा सहित 12 क्षेत्रों में हमलों की खबरें मिलीं। ओडेसा में बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि हमलों से स्पष्ट है कि रूस ने युद्ध समाप्त करने की दिशा में अपने रुख में कोई सार्थक बदलाव नहीं किया है।

उन्होंने गुरुवार को कहा, "बातचीत के एक और दौर के लगभग तुरंत बाद रूस ने सुनियोजित हमला किया। इसका मतलब है कि जो कुछ हो रहा है, उसके प्रति रूस के रवैये में वास्तव में कोई बदलाव नहीं आया है।"सेंट पीटर्सबर्ग में बुधवार को हुई बैठक के दौरान श्री विटकॉफ ने श्री पुतिन की प्रशंसा करते हुए उनसे कहा था, "आप मेरे राष्ट्रपति ट्रंप को मानवतावादी बताते रहते हैं। आप भी एक मानवतावादी हैं, महोदय, और मैं इसके लिए आपका सम्मान करता हूं।"रात में हुए हमलों के बाद श्री जेलेंस्की ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "कल शाम से रूसी 'मानवतावादियों' ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों की तीन लहरें दागी हैं। उन्होंने 21 मिसाइलों का इस्तेमाल किया।"उन्होंने उन पश्चिमी सहयोगियों का आभार जताया, जिन्होंने रूस के लगातार सैन्य अभियान की वास्तविकता को पहचाना है। साथ ही उन्होंने हवाई सुरक्षा मजबूत करने, पैट्रियट मिसाइलों के अतिरिक्त इंटरसेप्टर उपलब्ध कराने और मॉस्को पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की।

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने कहा कि रूस की आक्रामकता को "तुष्टीकरण, चापलूसी और अधीनता" से नहीं रोका जा सकता।

क्रेमलिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बुधवार को कहा था कि श्री पुतिन ने 10 नवंबर के बाद रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने के लिए 'सैद्धांतिक रूप से' सहमति दी है। यह वार्ता अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद हो सकती है।

यूक्रेनी अधिकारियों का मानना है कि रूस उनके देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को लगातार निशाना बना रहा है। इससे ठंड बढ़ने के साथ बिजली और हीटिंग की आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा है।

श्री जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका ने रूसी मिसाइल हमलों के बारे में खुफिया चेतावनियां फिर से देना शुरू कर दिया है। अमेरिका ने हालांकि यूक्रेन की स्टारशील्ड तक पहुंच पर लगी पाबंदियां नहीं हटायी हैं। यह एलन मस्क की स्टारलिंक उपग्रह इंटरनेट प्रणाली का सैन्य संस्करण है, जिस पर यूक्रेन युद्धक्षेत्र में संचार और ड्रोन संचालन के लिए निर्भर है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने खबर दी कि पिछले सप्ताह पाबंदियां लगाए जाने के बाद रूसी सैन्य ठिकानों की ओर बढ़ रहे यूक्रेन के 10 से अधिक सशस्त्र ड्रोन आसमान से गिर गये। रिपोर्ट के अनुसार, उपग्रह संपर्क टूटने के बाद उनकी उड़ान के रास्ते दिखाने वाले वीडियो फीड विकृत हो गये थे।

रूस ने कहा कि उसने बीती रात हुए यूक्रेनी हमलों के दौरान सैकड़ों ड्रोन मार गिराये। रूसी अधिकारियों के अनुसार, बेलगोरोद क्षेत्र में यूक्रेन के हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

इस बीच, पूर्वोत्तर यूक्रेन के कुपियांस्क शहर में भूमिगत सुरंगों के जरिए यूक्रेन के जवाबी अभियान का ब्योरा सामने आया है। शहर के कुछ हिस्सों पर अब भी रूसी कब्जा है।

'ऑपरेशन वेलेस' के तहत यूक्रेन की खार्तिया कोर ने कहा कि उसके सैनिक सुरंगों के रास्ते 15 किलोमीटर आगे बढ़कर रूसी सेना की पिछली चौकियों तक पहुंच गए। कोर ने इसे इस तरह का दुनिया का पहला भूमिगत जवाबी अभियान बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित