कीव , जुलाई 15 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को देश की रक्षा क्षमताओं में बड़ी प्रगति की घोषणा की और कहा कि यूक्रेन ने परिचालन बैलिस्टिक मिसाइलें और गहरे हमले करने वाली प्रणालियां विकसित कर ली हैं, जो 2,884 किलोमीटर तक की दूरी के लक्ष्यों को भेदने में सक्षम हैं।
श्री जेलेंस्की ने 'यूक्रेन स्टेटहुड डे' पर राष्ट्र को संबोधन में यह घोषणा की। यह घोषणा ऐसे समय में आयी है, जब यूक्रेन, रूस के साथ चल रहे युद्ध के बीच रणनीतिक लक्ष्यों पर हमला करने की क्षमता का विस्तार करने और अपनी रक्षा स्वतंत्रता को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
श्री जेलेंस्की ने कहा कि नयी मिसाइल क्षमताएं 2,884 किलोमीटर की सीमा तक पहुंच गयी हैं। उन्होंने उदाहरण के तौर पर रूस की ओम्स्क तेल रिफाइनरी की दूरी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इन हथियारों का उद्देश्य रूस के युद्ध से जुड़े बुनियादी ढांचे और उसके सैन्य अभियान का समर्थन करने वाले संसाधनों को बाधित करना है। उन्होंने रूस पर यूक्रेन में नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
श्री जेलेंस्की ने कहा, "ये केवल विकास के अधीन प्रणालियां नहीं हैं, बल्कि वास्तविक क्षमताएं हैं, जो पहले से ही कार्य में हैं।" उन्होंने कहा कि यूक्रेन नागरिक बुनियादी ढांचे के बजाय रूस के युद्ध प्रयासों का समर्थन करने वाली सुविधाओं को निशाना बना रहा है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि यूक्रेन एक ऐसे समझौते के करीब पहुंच रहा है, जो उसे पैट्रियट मिसाइल प्रणालियों का उत्पादन करने की अनुमति दे सकता है। उन्होंने कहा कि देश ऐसा समझौता हासिल करने वाला इतिहास का तीसरा राष्ट्र बन सकता है।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके इस 'ऐतिहासिक' राजनीतिक निर्णय के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि इस कदम से यूक्रेन में हजारों लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है।
यूक्रेनी नेता ने महाद्वीप की रक्षा क्षमताओं को एकीकृत कर एक संयुक्त यूरोपीय एंटी-बैलिस्टिक रक्षा ढाल बनाने के उद्देश्य से 'फ्रेया' परियोजना शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, "यूरोप की एंटी-बैलिस्टिक प्रणाली के निर्माण के लिए जो कुछ भी आवश्यक होगा, वह हम करेंगे।" उन्होंने तर्क दिया कि मजबूत वायु रक्षा रूसी नेतृत्व के लिये गये निर्णयों पर निर्भरता कम करेगी।
श्री जेलेंस्की ने यूक्रेन की ऐतिहासिक पहचान पर कहा कि देश संप्रभु यूरोपीय राज्य के रूप में अपने भविष्य को आकार देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने देश की रक्षा करने के दौरान शहीद हुए यूक्रेनी सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका बलिदान यूक्रेन की स्वतंत्रता और यूरोप की सुरक्षा के संघर्ष को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित