नयी दिल्ली , अगस्त 02 -- यूनाइटेड कश्मीर पीपल्स नेशनल पार्टी (यूकेपीएनपी) ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में मानवाधिकार की बिगड़ती स्थिति पर हस्तक्षेप करने की अपील की है।
पार्टी ने आम नागरिकों की सुरक्षा और जवाबदेही तय करने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर एक बयान में संयुक्त राष्ट्र संघ, लोकतांत्रिक सरकारों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से इस इलाके में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों को दूर करने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की। पार्टी ने हालात पर तुरंत वैश्विक ध्यान दिए जाने की जरूरत बताई है।
यूकेपीएनपी ने आरोप लगाया कि पीओजेके के निवासियों को मनमाने ढंग से हिरासत में लिए जाने, जबरन गायब किए जाने, अभिव्यक्ति की आजादी पर पाबंदियों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जरूरत से अधिक बल प्रयोग का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने लोगों की आजादी पर पाबंदियों को लेकर भी चिंता जताई और सामने आए उल्लंघनों की स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित