कैलिफोर्निया (अमेरिका) , अक्टूबर 22 -- भारत की अनाहत सिंह ने गुरुवार को अपने करियर का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए आठ बार की विश्व चैंपियन और दुनिया की तीन नंबर की खिलाड़ी मिस्र की नूर अल शेरबिनी को यूएस स्क्वैश टूर्नामेंट में हराकर अगले दौर में जगह बना ली।
आज यहां 'सिलिकॉन वैली ओपन 2026' स्क्वैश टूर्नामेंट के दूसरे दौर में, दुनिया की 15वें नंबर की खिलाड़ी 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने नूर अल शेरबिनी को 30 मिनट चले मुकाबले में 3-0 (11-8, 11-8, 11-7) से हराया।
30 वर्षीय शेरबिनी विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा महिला एकल खिताब जीतने के मामले में वह मलेशिया की महान खिलाड़ी निकोल डेविड की बराबरी पर हैं। इतिहास में किसी भी महिला स्क्वैश खिलाड़ी ने अल शेरबिनी से ज्यादा बार विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में जगह नहीं बनाई है। उन्होंने अपना आखिरी खिताब 2025 में जीता था, जबकि इस साल की शुरुआत में वह फाइनल मुकाबले में मिस्र की ही अमीना ओरफी से हार गई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित