देहरादून , मार्च 21 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने नयी दिल्ली में यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ़ इंडिया (यूएनआई) मुख्यालय में पुलिस द्वारा सरकारी अधिकारी की मौजूदगी में पत्रकारों विशेष रूप से महिला पत्रकारों और अन्य कर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार की कड़ी निंदा की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को कहा है कि शुक्रवार देर शाम को कुछ सरकारी अधिकारी ने भारी पुलिस बल के साथ यूएनआई कार्यालय पहुंचकर उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए तुरंत कार्यालय खाली करने को कहा। पुलिस ने बल प्रयोग और धक्का मुक्की कर महिला पत्रकारों समेत वहां मौजूद पत्रकारों और गैर पत्रकारों को कार्यालय से बाहर निकाला। उनके कुछ समय देने और प्रबंधन से बात करने के अनुरोध को अनसुना कर दिया गया।

श्री गोदियाल ने इस रवैये को अलोकतांत्रिक बताते हुए तानाशाही और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार मीडिया का मुंह बन्द करने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी ने यूएनआई कार्यालय में जबरन पुलिस द्वारा घुसकर बल प्रयोग करने की निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ की स्वतंत्रता से खिलवाड बताया।

पार्टी अन्य नेता शीशपाल सिंह बिष्ट ने इस घटना की भर्त्सना करते हुए कहा इसे स्वतंत्र मीडिया पर कुठाराघात बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित