अबू ज़ाबी , मई 17 -- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अल ज़फरा क्षेत्र में मौजूद बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के अंदरूनी हिस्से में मौजूद इलेक्ट्रिक जनरेटर में ड्रोन हमले से लगी आग पर काबू पा लिया गया है। अबू धाबी के मीडिया कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "अबू धाबी के अधिकारियों ने अल जाफरा क्षेत्र में स्थित बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र की भीतरी सीमा के बाहर एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया गया। यह आग एक ड्रोन हमले के कारण लगी थी।"बयान में कहा गया कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है, और न ही रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तरों पर इसका कोई प्रभाव पड़ा है। सभी एहतियाती उपाय अपनाए गये हैं और समय के साथ अग्रिम जानकारी साझा की जाएगी।

परमाणु विनियमन के संघीय प्राधिकरण ने पुष्टि की कि आग से पावर प्लांट की सुरक्षा या उसकी ज़रूरी प्रणाली पर कोई असर नहीं पड़ा है, और सभी इकाइयां सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

बयान में कहा गया, "जनता को याद दिलाया जाता है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें, और अफ़वाहें या बिना पुष्टि वाली जानकारी फैलाने से बचें।"यूएई ने अपने बयान में हमले के स्रोत पर कोई जानकारी नहीं दी, न ही किसी ने अब तक हमले की जिम्मेदारी ली है।

अमेरिका और ईरान के बीच आठ अप्रैल को युद्धविराम होने के बाद से यूएई पर ड्रोन हमले होते रहे हैं। ईरान ने युद्ध की शुरुआत में कहा था कि वह इस क्षेत्र के पड़ोसी देशों को निशाना बना रहा है, क्योंकि वहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने और इजरायल के हित मौजूद हैं। इन हमलों का सबसे ज़्यादा असर यूएई पर पड़ा है, जिससे ईरान के साथ उसके रिश्ते और भी खराब हो गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित