उडुपी , सितंबर 24 -- कर्नाटक के एक व्यक्ति की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कथित तौर पर हत्या कर दी गई और शरीर के नौ टुकड़े कर दो बैगों में भर दिए गए, जबकि उसकी पत्नी और बेटा लापता हैं।
उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर (51) आखिरी बार 20 जुलाई के आसपास अपने परिवार के संपर्क में थे। उनके रिश्तेदारों को तब शक हुआ जब उनके फोन से ऐसे संदेश आने लगे जिनमें कहा गया था कि वह बीमार हैं और आराम कर रहे हैं। परिवार ने कहा कि ये संदेश असामान्य थे क्योंकि एल्विन आमतौर पर बात करते थे और शायद ही कभी टाइप करते थे।
मामला तब और उलझ गया जब उनकी कंपनी ने परिवार को बताया कि वह भारत गए हैं। हालांकि, पासपोर्ट रिकॉर्ड से पता चला कि उन्होंने यूएई नहीं छोड़ा था।
शारजाह में शिकायत के बाद अधिकारियों ने गत 12 अगस्त को शरीर के कटे-फटे हिस्से बरामद किए। परिवार के अनुसार, बाद में डीएनए जांच से पुष्टि हुई कि ये अवशेष एल्विन के ही थे। उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने कहा कि परिवार को एल्विन का मृत्यु प्रमाणपत्र मिल गया है, लेकिन यूएई में दर्ज प्राथमिकी की कॉपी अभी तक नहीं मिली है। एल्विन की पत्नी टीना कुंदर और उनका बेटा भी लापता हैं। परिवार ने बताया कि टीना दुबई में स्कूल शिक्षक के तौर पर काम कर रही थीं।
परिवार ने अपने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज पर सवाल उठाए हैं, जिसमें कथित तौर पर दो पुरुषों और एक महिला को सामान ले जाते हुए देखा गया था। यह स्पष्ट नहीं है कि यूएई अधिकारियों ने टीना से पूछताछ की या नहीं, या उनके और लड़के के साथ क्या हुआ। रिपाेर्टाें के मुताबिक एल्विन का शव उनकी टोयोटा कार की डिक्की से बरामद किया गया था, जिसे ओमान जाने वाली सड़क पर लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था।
यह मामला अब कर्नाटक के अधिकारियों तक पहुंच गया है और परिवार हत्या के हालात का पता लगाने और लापता मां-बेटे को खोजने में मदद मांग रहा है।
उडुपी के पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर ने कहा कि एल्विन के भाई ने पुलिस से मदद के लिए अर्जी दी है। उन्होंने कहा कि चूंकि कथित अपराध यूएई में हुआ है, इसलिए कर्नाटक पुलिस सीधे मामले की जांच नहीं कर सकती। उन्होंने आगे कहा कि कानूनी कार्रवाई के लिए पत्र अनुरोध , रेड कॉर्नर नोटिस या इंटरपोल की मदद जैसी प्रक्रियाओं की जरूरत होगी।
उन्होंने कहा कि उडुपी पुलिस दुबई वाणिज्य दूतावास से बातचीत में मदद कर रही है और इंटरपोल के सही चैनलों के ज़रिए और जानकारी हासिल करने की कोशिश करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित