दुबई , अगस्त 27 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बल्लेबाज आसिफ खान पर मादक पदार्थ (मेस्टेरोलोन के मेटाबोलाइट) के इस्तेमाल के लिए 15 महीने का प्रतिबंध लगाया है।

आईसीसी की ओर से आज जारी बयान में कहा गया है कि आसिफ ने सितंबर 2025 में हुए एक 'आउट-ऑफ़-कंपटीशन' टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ - "मेस्टेरोलोन का मेटाबोलाइट" - के लिए पॉजिटिव पाए जाने की बात स्वीकार की थी।

बयान में कहा गया है कि 36 वर्षीय आसिफ ने आईसीसी के एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 के उल्लंघन को "स्वीकार किया" और "वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी और आईसीसी के साथ हुए केस समाधान समझौते के तहत" अयोग्यता की अवधि को मान लिया। इसका मतलब है कि खिलाड़ी के पास अपील करने का कोई अधिकार नहीं है।

यह सजा आठ सितंबर, 2025 से लागू होगी और सात दिसंबर, 2026 तक चलेगी।

बयान में आगे कहा गया, "आसिफ आठ अक्टूबर, 2026 से किसी टीम के साथ प्रशिक्षण शुरू कर सकते हैं या किसी क्लब या अन्यआईसीसी सदस्य संगठन की सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन वे आठ दिसंबर से ही खेलने के लिए योग्य होंगे। आठ सितंबर से 29 दिसंबर 2025 को उनके प्रोविजनल सस्पेंशन (अस्थायी निलंबन) तक खिलाड़ी के व्यक्तिगत नतीजों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। साथ ही, इसके सभी नतीजों - जैसे मेडल, पॉइंट, प्राइज़ मनी या पुरस्कारों का नुकसान - को भी रद्द कर दिया गया है।"पाकिस्तान के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर आसिफ ने मार्च 2022 में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में ओमान के खिलाफ वनडे मैच से यूएई के लिए डेब्यू किया था। उस समय से लेकर सितंबर 2025 के बीच उन्होंने 38 वनडे और 56 टी-20 मैच खेले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित