श्रीगंगानगर , मई 13 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने 19 वर्ष के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए मंगलवार को शहर के नये केंद्रीय बस अड्डे की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए सुबह प्रस्तावित ट्रांसपोर्टनगर वाली भूमि को विधिवत रूप से अपने कब्जे में ले लिया और तारबंदी का कार्य शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भूमि सूरतगढ़ रोड पर किसान चौक से पदमपुर बाईपास तक स्थित है, जहां करीब 68 बीघा एक बिस्वा जमीन 2007 में ट्रांसपोर्टनगर विकसित करने के लिए अधिग्रहित की गयी थी। इसी भूमि के करीब 25 बीघा में नये केंद्रीय बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव है, जिसका यूआईटी द्वारा कई वर्ष पहले ही मंजूर करवा लिया गया था।

संघर्ष समिति के संयोजक रामफल बिश्नोई ने बताया कि सुबह यूआईटी का दल प्रस्तावित जगह पर पहुंचा। उन्होंने कुल 68 बीघा एक बिस्वा भूमि का औपचारिक कब्जा लिया और तुरंत तारबंदी शुरू करवा दी। यह भूमि 2007 से ही नगर विकास न्यास के नाम दर्ज ट्रांसपोर्ट नगर वाणिज्यिक योजना में अधिग्रहित की गयी थी। राष्ट्रीय राजमार्ग 62 और सूरतगढ़-पदमपुर बाईपास रोड के कॉर्नर पर चारों तरफ से खुली यह बेहद कीमती भूमि मुख्य बस स्टैंड, बस डिपो और अन्य कार्यों के लिए सबसे उपयुक्त जगह है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित