जगदलपुर , सितम्बर 11 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के सुदूर गांवों और समुदायों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 'युवोदय 2.0' अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत युवा स्वयंसेवक गांवों की समस्याओं की पहचान करने के साथ स्थानीय स्तर पर उनके समाधान और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यशाला में बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना और सहायक कलेक्टर यशवंत नायक ने स्वयंसेवकों से संवाद कर उनके अनुभव, जमीनी चुनौतियों और आकांक्षाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर छिकारा ने युवाओं से स्वयंसेवा के उनके अनुभवों के बारे में चर्चा की। स्वयंसेवकों ने बताया कि समुदाय के साथ काम करने से उनके आत्मविश्वास, संवाद कौशल और लोगों से जुड़ाव में वृद्धि हुई है। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, स्थानीय परिस्थितियों की समझ और समुदाय से जुड़ाव बस्तर के गांवों में सकारात्मक और टिकाऊ बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

जिला पंचायत सीईओ खन्ना और सहायक कलेक्टर नायक ने भी अपने स्वयंसेवा के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से अपने क्षेत्रों की समस्याओं को समझने, उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने और जिला प्रशासन के साथ मिलकर विकास कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यशाला में युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित