जयपुर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सामर्थ्यवान, संस्कारवान, नशामुक्त युवाओं को ही विकसित भारत यात्रा के सच्चे सारथी बताते हुए कहा है कि संकल्प, अनुशासन, परिश्रम, नवाचार से युवा अपना अलगमुकाम हासिल करें, उनके सपनों को पूरा करने के लिए सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
श्री शर्मा ने सोमवार को 'सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं' कार्यक्रम के तहत युवाओं से संवाद करते हुए अष्टमी और महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं को दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपनी संकल्प शक्ति से अनेक असंभव माने जाने वाले कार्यों को संभव किया है। उनके नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माणजैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में ऊर्जा, नवाचार, कुछ नया करने का जुनून और असंभव को संभव बनाने का साहस है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं की क्षमताओं को अवसरों में बदलने के लिए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहल की हैं। इनसे नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है तथा युवाओं के लिए अवसरों का नया इकोसिस्टम तैयार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'माय भारत' प्लेटफॉर्म युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्थान में इस प्लेटफॉर्म पर 26 लाख से अधिक युवा पंजीकृत हैं तथा एक हजार 700 से अधिक संस्थाएं इससे जुड़ी हुई हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी नशामुक्ति के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 'नई किरण' नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। 'राज सवेरा' के तहत जिला चिकित्सालयों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित