प्रतापगढ़ , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश में जनपद प्रताप गढ़ के हरि पैलेस में आज रवि वार को आयोजित सम्राट युवा संवाद एवं कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है और जब युवासकारात्मक सोच, संस्कार एवं सेवा भाव के साथ आगे बढ़ते हैं, तब समाज और राष्ट्र दोनों नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं।

अपने संबोधन में प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक समरसता, महिला सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं जनसेवा को अपने जीवन का मूल उद्देश्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माता नहीं, बल्कि विकसित भारत के सपनों को साकार करने वाला सबसे मजबूत स्तंभ है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सुपुत्र योगेश मौर्य, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, सुनील मौर्य, आलोक मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

युवा संवाद के साथ आयोजित कवि सम्मेलन ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित कविताओं ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित