वाराणसी , अक्टूबर 21 -- 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' पहल के तहत आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए केरलम से 55 सदस्यीय दल वाराणसी पहुंचेगा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के आतिथ्य में 22 से 28 अक्टूबर तक रहने वाले इस दल में 50 विद्यार्थी और पांच शिक्षक शामिल हैं। इस दौरान दल उत्तर प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के उत्तर प्रदेश के नोडल अधिकारी डॉ. बाला लखेन्द्र ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, राष्ट्रीय एकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों की संस्कृति, भाषा, खान-पान, वेशभूषा, ऐतिहासिक धरोहरों और विकास गतिविधियों को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि आईआईटी पलक्कड़, केरलम के नेतृत्व में आ रहा यह दल 22 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा, जहां बीएचयू की टीम उसका स्वागत करेगी। दल के स्वागत में 23 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे महामना पंडित मदन मोहन मालवीय भवन में समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मालवीय भवन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा, जिसमें केरल से आए प्रतिभागी पौधे लगाएंगे।
कार्यक्रम के तहत 24 अक्टूबर को दल प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए जयापुर गांव का भ्रमण करेगा। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के लिए लखनऊ रवाना होगा।
यात्रा के दौरान दल अयोध्या धाम, तीर्थराज प्रयागराज और विंध्याचल धाम के दर्शन भी करेगा। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के बाद सारनाथ सहित वाराणसी के अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा।
'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विविधता से युवाओं को परिचित कराते हुए विविधता में एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित