चंडीगढ़ , सितंबर 6 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को रेवाड़ी में आयोजित हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का संकल्प लिया है। 'नशे से जंग-रेवाड़ी के संग' थीम पर आयोजित मैराथन में 50 हजार से अधिक नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशे की समस्या को राजनीतिक मुद्दे के बजाय युवाओं और परिवारों के भविष्य से जोड़कर देख रही है। उन्होंने कहा कि नशे की चुनौती से निपटने के लिए कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवाओं से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आसपास नशे की बिक्री या ड्रग पैडलिंग की जानकारी मिलने पर चुप न रहें। उन्होंने बताया कि एंटी-ड्रग हेल्पलाइन 9050891508 तथा 'मानस' पोर्टल और हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने फ्लैग ऑफ मंच से 50 हजार से अधिक धावकों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद वह स्वयं मैराथन ट्रैक पर पहुंचे और प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाई। उन्होंने ट्रैक के साथ ग्रीनबेल्ट में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मैराथन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सैंड आर्ट और नशामुक्त हरियाणा पर आधारित प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित