जयपुर , मई 31 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार ने पहले दिन से ही युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं और चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने एवं छह लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर युवाओं से संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में एक लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। एक लाख 35 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं एवं इस वर्ष एक लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेण्डर भी जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक ने युवाओं के सपनों को तोड़ा, लेकिन सरकार ने इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा है। राज्य में बिना पेपरलीक के 350 से अधिक परीक्षाएं आयोजित हुई हैं। वहीं, प्रदेश के युवाओं को प्रगति के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए युवा नीति भी लाई गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के अवसर मिले, इसके लिए भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्राम स्तर पर युवाओं के लिए अटल ज्ञान केन्द्रों को विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 4 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 436 रोजगार सहायता शिविर आयोजित किए हैं, युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत छह प्रतिशत ब्याज पुनर्भरण के लिए ऋण की सीमा को बढ़ाकर दो करोड़ रूपये किया है। योजना के तहत 248 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत फंडिंग प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रोडमैप बनाया, जिसके तहत सबसे पहले जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। वहीं, आईजीएनपी एवं गंग नहर का सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना का विस्तार, ब्राह्मणी नदी एवं माही बांध परियोजना जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेशभर के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसी क्रम में 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित