भोपाल , अक्टूबर 25 -- पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना का आधार है।

श्रीमती गौर आज भोपाल स्थित एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 139वें एपिसोड का सीधा प्रसारण सुनने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संविधान के मूल्यों और समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति निष्ठा एवं सम्मान की भावना अपनाने का आग्रह किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण की प्रमुख आधारशिला है। प्रत्येक युवा को अपने नागरिक कर्तव्यों, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में 'लोकतंत्र बनाम अराजकता' विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र की महत्ता, संवैधानिक चेतना के संरक्षण तथा अराजकता से समाज और राष्ट्र को होने वाले नुकसान पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने, अभिव्यक्ति की क्षमता को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना मजबूत करना था। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित