दरभंगा , फरवरी 27 -- राज्यसभा सांसद डॉ.धर्मशीला गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि युवा हमारे राष्ट्र की मूल धूरी और भविष्य हैं और 2047 के विकसित भारत के निर्माण में उनकी अग्रिम भूमिका रहेगी।

राज्यसभा सांसद डॉ.धर्मशीला गुप्ता ने आज माय भारत, दरभंगा एवं एनएसएस कोषांग, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के संयुक्त तत्त्वावधान में विकसित भारत युवा सांसद-2026 प्रतियोगिता को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की क्षमता, ऊर्जा एवं जज्बा को सकारात्मक दिशा में परिवर्तित करना हम सबकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में युवा अपनी संस्कृति एवं संस्कारों को भी न भूलें। हमें अपने पूर्वजों की कुर्बानियों को याद कर भारत को महान देश एवं विश्वगुरु बनाना है।

सांसद ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि 25 जून, 1975 से 77 के बीच लगे आपातकाल में भारत माता को जंजीरों में बांधा गया था। इस दौरान न केवल विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला गया, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया को बैन कर आम लोगों एवं कोर्ट के अधिकारों पर भी प्रहार किया गया था। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने विशेष कर युवाओं, महिलाओं एवं गरीबों के लिए विकास का द्वार खोल दिया है। आज सरकार द्वारा युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार की तेजी से व्यवस्था की जा रही है। हमारे युवा ज्ञानवान, शक्तिमान एवं क्षमतावान हैं। हमारी सकारात्मक सरकार उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान कर रही है।

डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने इसी मिथिला विश्वविद्यालय से अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग का नया गेट एवं गार्ड रूम का काम आगामी अप्रैल से उनके ऐच्छिक कोष से तथा महिला प्रौद्योगिकी संस्थान का इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण भी शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।

उद्घाटन संबोधन में शिक्षाविद् प्रो. प्रेम मोहन मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए कुशल नेतृत्व की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय स्तर पर एवं राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता प्रांतीय स्तर पर युवाओं की प्रेरणा स्रोत हैं। आज हर क्षेत्र में ऐसे सफल नेतृत्व की आवश्यकता है। हमें इन युवाओं में ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य दिखता है। इस प्रतियोगिता से युवाओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी जो देश को आगे बढ़ाने में मददगार सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित