जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र हित और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए करें।

श्री देवनानी गुरुवार को डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं में जैन विश्व भारती संस्थान में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित दक्षिणांचल स्तरीय युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। सम्मेलन में नए भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि भारत कोई जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि हमारी जन्म भूमि, कर्म भूमि और पुण्य भूमि है। देश के नवनिर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने तेरापंथ युवक परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों को सहेज रही है बल्कि रक्त दान, नशा मुक्ति और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा भी दे रही है।

श्री देवनानी ने कहा कि आचार्य महाश्रमण भी पूरे विश्व को मानवता, शांति, नैतिकता का संदेश दे रहे हैं, जिसे युवाओं को आत्मसात कर भारतीय मूल्यों को सम्पूर्ण विश्व में स्थापित करना चाहिए। उन्होंने जैन विश्व भारती पहुंचकर शांतिदूत आचार्य श्री महाश्रमण जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और उनसे गहन आध्यात्मिक चर्चा की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने राज्य की प्रगति और जनहित के कार्यों पर आचार्य श्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित