चंडीगढ़ , जून 04 -- हरियाणा के राज्यपाल अशीम कुमार घोष ने युवाओं से उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता को अपनाकर रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने विचारों को सफल उद्यमों में बदलकर न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
लोक भवन में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल के तहत आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में त्रिपुरा से आए छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप और नवाचार आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भारत के युवाओं में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित