पटना , मई 14 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार न केवल जैविक खेती को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा किसानों को सम्मानित भी करेगी।
श्री सिन्हा ने आज कृषि भवन, मीठापुर में उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि इस वित्तीय वर्ष में सरकार गोबर/बायोगैस को प्रोत्साहित करने के लिए 100 इकाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा इसमें 50 प्रतिशत तक का अनुदान 22500 रूपये का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार पूर्व के वर्षों की भांति पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई, व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाई पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 7500 पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार जैविक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 5700 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती क्रियान्वयन का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होने कहा कि इस योजना में शामिल सभी किसानों को 4000 रूपये प्रति एकड़ की दर से अनुदान राशि उपलब्ध कराई जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित