नयी दिल्ली , अक्टूबर 13 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में नयी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस बर्बरता, अत्यधिक बल प्रयोग और गैरकानूनी हिरासत की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच की मांग की।
ज्ञापन में 23 सितंबर से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर कथित लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया गया। संगठन ने महिला प्रदर्शनकारियों और वरिष्ठ नागरिकों के घायल होने तथा हिरासत में लिए गये लोगों को कारण नहीं बताये जाने पर भी चिंता जतायी।
श्री चिब ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार संविधान प्रदत्त है। अत्यधिक बल प्रयोग, गैरकानूनी हिरासत और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने दर्ज एफआईआर गिरफ्तार व्यक्तियों, पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों का विवरण मांगा। संगठन ने सीसीटीवी फुटेज, वायरलेस रिकॉर्ड तथा बॉडी कैमरा फुटेज सुरक्षित रखने की मांग करते हुए सात दिन में जवाब देने को कहा और ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित