नयी दिल्ली , नवंबर 01 -- युवा कांग्रेस ने रविवार को रामलीला मैदान में 'वोट चोरी' के खिलाफ आयोजित रैली में देशभर से आये 20 हजार से अधिक युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी का दावा करते हुए इसे 'स्वतंत्रता संग्राम 2.0' बताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि रामलीला मैदान में 20 हजार से अधिक युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी लोकतंत्र की रक्षा के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि देशभर से युवा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली पहुंचे हैं और यह संवैधानिक मूल्यों तथा लोकतांत्रिक जवाबदेही की लड़ाई है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठने के बीच देश का युवा चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि संगठन संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।

भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा कि रामलीला मैदान की रैली 'वोट चोरी' के खिलाहफ उसके अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संगठन के अनुसार, वह देशभर में युवाओं को लामबंद करने तथा चुनावी पारदर्शिता, संस्थागत जवाबदेही जवाबदेही और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित