नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- युवा कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं के अधिकारों, रोजगार तथा न्याय के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लेते हुए अन्याय, बेरोजगारी, छात्रों पर हमले और युवाओं की आवाज दबाने की हर कोशिश के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने का निर्णय किया है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने 11 से 13 अगस्त तक यहां महाराष्ट्र सदन में हुई तीन दिवसीय बैठक में 'निर्माण और प्रतिरोध' को अपने राजनीतिक प्रस्ताव का आधार बनाते हुए यह प्रस्ताव पारित किया।

उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, गोवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश, कांग्रेस के बिहार के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के साथ ही कांग्रेस के कई सचिव और विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों को संबोधित किया।

युवा कांग्रेस के राजनीतिक प्रस्ताव में 20 जुलाई को छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने और गृह मंत्री अमित शाह को पद से हटाने की मांग की गई है। युवा कांग्रेस ने इस मुद्दे पर देशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने तथा ऑनलाइन आरोपपत्र और नागरिकों की याचिका के जरिए अभियान आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित