जोधपुर , अगस्त 27 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने युवाशक्ति को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा है कि यदि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाये तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।
श्री शेखावत ने गुरुवार को यहां खेलो इंडिया डायलॉग-युवा संवाद कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत आज बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और इस परिवर्तन में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है। ऐसे में यही युवाशक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि दुनिया में जितने भी बड़े परिवर्तन हुए हैं, उनमें युवाओं की भूमिका रही है। भारत जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसे विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती, यदि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगायें।
उन्होंने कहा कि आज के परिवर्तनशील दौर में युवाओं के सामने अपनी बात रखने और प्रतिभा दिखाने के लिए प्लेटफॉर्म की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक ने हर युवा को अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने रखने का अवसर दिया है, लेकिन जरूरी यह है कि इस तकनीक का इस्तेमाल किस दिशा में किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सोशल मीडिया और तकनीकी सुविधाओं का उपयोग केवल व्यक्तिगत अभिव्यक्ति तक सीमित न रहे, अपितु राष्ट्र निर्माण में भी किया जाये।
श्री शेखावत ने युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि केवल शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले नशों से बचना पर्याप्त नहीं है। मन और मस्तिष्क को दूषित करने वाली चीजों से भी दूर रहना होगा। तभी आधुनिक तकनीक और सुविधाओं की वास्तविक सार्थकता सामने आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित