नयी दिल्ली , जुलाई 18 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि युवाओं को भड़काने की उनकी कोशिश विफल हो गयी है।
श्री मल्होत्रा ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आज दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस को अनशनकारी सोनम वांगचुक को उनकी बिगड़ती सेहत के चलते जंतर मंतर से अस्पताल ले जाना पड़ा और वहां उनकी लिखित स्वीकृति से उनकी जांच एवं स्वास्थ्य देखभाल हुई।
उन्होंने कहा कि सुबह श्री वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बाद जो कुछ घटनाक्रम जंतर- मंतर पर हुआ उसके बाद जिस तरह श्री केजरीवाल और आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज से लेकर अभिजीत दिपके की बयानबाजी की यह साफ हो गया कि यह कोई जेन ज़ी आंदोलन नही, बल्कि आप की युवा शाखा का आंदोलन था।
उन्होंने कहा कि पिछले अनेक महीने से श्री केजरीवाल और "आप" नेता युवा आंदोलन भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसमें विफल रहे हैं। देश और दिल्ली के युवाओं को 2009 से 2013 का नाटकीय आंदोलन तथा उसके बाद "आप" सरकार का 10 साल के भ्रष्टाचार का काला चेहरा भली भांति याद है और वे अब गुमराह होने वाले नहीं हैउन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर शुरू किए गये इस आंदोलन की हवा तब पूरी तरह निकल गई जब गत माह जून में नीट परीक्षा सफलतापूर्वक होने के बाद 16 जुलाई को इसका नतीजा भी आ गया जिससे युवा पूरी तरह संतुष्ट हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित