मुजफ्फरनगर , अप्रैल 13 -- केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब नए सपने देख रहा है और उन्हें पूरा करने के लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, रोजगार, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय की दिशा में तेजी से काम हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्रिपरिषद, सांसदों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की कर्मभूमि पर युवाओं को अवसर मिलना गर्व का विषय है। जयंत चौधरी ने कहा कि आज गांवों और दूरदराज क्षेत्रों के गरीब परिवारों से आने वाले युवाओं को भी नए अवसर मिल रहे हैं। पहले जहां उद्योगों और रोजगार के रास्ते सीमित थे, वहीं अब युवाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ना किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व किसानों की समस्याओं को समझता है और चीनी मिलों के विस्तार, उत्पादन वृद्धि तथा कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्यरत है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने शिक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक परिवर्तन का मार्ग दिखाया था। वर्तमान सरकार भी सामाजिक न्याय और अवसरों की समानता को प्राथमिकता दे रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है, जिसमें कौशल विकास, बुनियादी ढांचे और युवाओं के लिए योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उत्तर प्रदेश का बजट भी राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं को पांच लाख रुपये तक बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देकर रोजगार के नए विकल्प तैयार किए जा रहे हैं।
जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और बड़ी संख्या में नए कारखानों का पंजीकरण हुआ है। विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों की भूमिका भी बढ़ी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीकी शिक्षा और महिला उद्यमिता के क्षेत्र में नए समझौतों और पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इन क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है। महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तर प्रदेश को नई ऊर्जा देने का कार्य जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित