चंडीगढ़ , मई 31 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि नीट, एसएससी, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि लाखों युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में अव्यवस्था के कारण उनका भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रही है। बेरोजगारी की चुनौती के बीच लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं की उम्मीदों को तोड़ रही हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्या प्रश्नपत्रों के परिवहन की नहीं, बल्कि जवाबदेही और जिम्मेदारी के अभाव की है।

इस बीच कुमारी सैलजा उत्तराखंड के देहरादून पहुंचीं, जहां उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चार जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। वह विभिन्न बैठकों में शामिल होकर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित