नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में धांधली की रिपोर्ट सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि युवाओं के भविष्य को खराब नहीं होने देंगे।
श्री रिजिजू ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "नीट परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बताया है कि गड़बड़ी की खबरें मिलने पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। तेरह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।"उन्होंने बताया कि इसके अलावा विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा कराई गयी और नतीजे घोषित किए गये।
संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि श्री मोदी ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदमों के बारे में भी जानकारी दी है। उन्होंने दोषियों को सज़ा देने और मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाने पर ज़ोर दिया, जिसमें कोई कमी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित