दरभंगा , अक्टूबर 01 -- िहार के प्रतिष्ठित वाणिज्यशास्त्री आरके कॉलेज, मधुबनी के अवकाश प्राप्त वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. एल. के. शर्मा ने कहा कि बिहार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक दृष्टि से समृद्ध राज्य है और यहां प्रतिभा, ऊर्जा और संभावनाओं की कमी नहीं है।ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग में गुरुवार को "युवा : विकसित बिहार के शिल्पकार" विषय पर आयोजित छात्र केंद्रित एक दिवसीय सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ. एल. के. शर्मा ने कहा कि विकास के पथ पर अग्रसर बिहार को विकसित राज्य बनाने में युवाओं की महती भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही विकसित बिहार का सपना साकार होगा।

वाणिज्य के संकायाध्यक्ष प्रो. एच.के. सिंह ने कहा कि युवाओं को बिहारी अस्मिता से जुड़कर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग राज्य के विकास में करना चाहिए। राज्य सरकार की कौशल विकास योजनाओं और तकनीकी पहल के साथ युवा अपनी क्षमता को जोड़ेंगे, तभी सशक्त एवं विकसित बिहार का सपना साकार होगा।

जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा के स्टार्टअप समन्वयक सूर्य प्रकाश ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उद्यमिता विकास के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। विभागाध्यक्ष सह निदेशक डॉ. आर.के. साह ने युवाओं से विकसित बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। डॉ. दिवाकर झा ने विभाग के अकादमिक प्रोफाइल की प्रस्तुति दी, जबकि डॉ. एस.के. झा ने विषय-वस्तु पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. निर्मला कुशवाह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एस.के. ठाकुर ने किया। सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित