भोपाल , अक्टूबर 09 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मध्यप्रदेश में युवा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर विरोध जताया है। पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदर्शन में शामिल होने से युवाओं को रोकने का प्रयास कर रही है।
श्री सिंह ने बयान में कहा कि इटारसी रेलवे स्टेशन पर करीब डेढ़ दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी युवा कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू की गई है। उन्होंने दावा किया कि ग्वालियर में युवा नेता अमित सक्सेना, सुमित और हर्ष तथा गोहद में भूपेंद्र सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। उनके अनुसार, पुलिस अन्य कार्यकर्ताओं की भी तलाश कर रही है।
माकपा ने इन कार्रवाइयों की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की दमनकारी नीतियां जनता और युवाओं की आवाज को दबा नहीं सकतीं। श्री सिंह ने कहा कि प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है, लेकिन भाजपा और उसकी सरकार उनका बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियों के बावजूद 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित