नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को गलत बताते हुए आरोप लगाया है कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
श्री खरगे ने सोमवार को संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों पर लाठीचार्ज करा रही है। यदि सरकार परीक्षाएं कराने में सक्षम नहीं है तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
उन्होंने अयोध्या को लेकर भी सरकार पर हमला किया और कहा कि भगवान राम के नाम पर चढ़ावे की चोरी हुई और अब राम भक्तों के नाम पर जनता के पैसे की लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, इसलिए उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
श्रीमती वाड्रा ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ छात्र जंतर-मंतर पर बैठे हैं लेकिन उन पर लाठीचार्ज कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा नीति पर चर्चा की मांग कर रही है, क्योंकि उसमें गंभीर खामियां हैं, लेकिन सरकार इस पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है। इसके बजाय प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और उनके साथ मारपीट की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित