सोनीपत , मई 25 -- हरियाणा के कुंडली स्थित टीडीआई सिटी में रविवार देर रात ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आयी, जिसके तहत एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने कथित रूप से शराब के नशे में युवती से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर युवती समेत पड़ोसी दंपती की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ब्रह्मप्रकाश, जो दिल्ली पुलिस से बर्खास्त बताया जा रहा है, टीडीआई कुंडली में रह रहा था। आरोप है कि उसने स्वाति नामक महिला के साथ जबरदस्ती की। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी विजय और उनकी पत्नी सुनीता मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमले में विजय, सुनीता और स्वाति की मौत हो गयी।

मृतक दंपती मूल रूप से सोनीपत के कोट मोहल्ला के रहने वाले थे, जबकि स्वाति गांव बड़ौली की निवासी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी टीडीआई इंटरनेशनल स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था और पहले भी विवादों में रह चुका है।

पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित