बैतूल , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को कथित रूप से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल ले जाने और दुष्कर्म तथा मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता 29 सितंबर को अपने परिजनों के साथ ग्राम हांडीपानी में मजदूरी करने आई थी। शाम को खेत से लौटते समय दो लोगों ने उसे कथित रूप से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और जंगल ले गए। इसके बाद उसे दूसरे स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म और मारपीट करने की शिकायत पीड़िता ने पुलिस से की।
शिकायत के आधार पर शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 457/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 115(2), 70(1), 64(2)(m) और 127(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने सूचना के आधार पर शनिवार को पिपरिया खुर्द (भोभदा) निवासी रामविलास कलमे (20) और नर्मदापुरम जिले के केसला थाना क्षेत्र के ग्राम झिरना निवासी विजय वारस्कर (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार जांच में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस कार्रवाई एसडीओपी शाहपुर अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में हुई। इसमें उपनिरीक्षक सोनम साहू, आरक्षक शिवेन्द्र और रोहित की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति सजग रहने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित