रूद्रपुर , अगस्त 24 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में 19 वर्षीय युवती के ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए डंपर चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी में सड़क किनारे युवती का शव बरामद हुआ था। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
श्री गणपति ने घटना का खुलासा करने के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने मृतका के घर से घटनास्थल तक के सभी संभावित मार्गों के लगभग 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाला डंपर संदिग्ध पाया गया।
इसके साथ ही पुलिस ने मृतका और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि मृतका ने घटना से कुछ समय पहले चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक किया था, जिसे कुछ मिनट बाद कैंसिल कर दिया गया। बाद में उसका मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मिला।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या यूके 15 सीए 1437 को चिन्हित किया। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर चालक चला रहा था और उसके साथ कंडक्टर मौजूद था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उनकी कथित संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजू ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह वह सुमित के साथ क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक युवती ने डंपर रुकवाया और दोनों ने उसे वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और स्वयं युवती के पास बैठ गया।
पुलिस के मुताबिक, एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मृतका का मोबाइल फोन डंपर से निकालकर रास्ते में रख दिया था। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
आखिरकार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर को कब्जे में लिया गया। उनकी निशानदेही पर डंपर से मृतका एक बैग बरामद हुआ है जिसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित