कोरबा , दिसंबर 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने एक युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में उसके प्रेमी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

मामला कोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पाली गांव का है।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिलराज मरकाम (20) गांव की ही एक युवती से प्रेम करता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी आए दिन युवती के चरित्र पर संदेह करता था और उसे किसी अन्य युवक से संबंध होने का आरोप लगाते हुए विवाद करता रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को युवती अपने भाई-बहन के साथ गांव से लगे बाजार गई थी। रात में घर लौटने के बाद सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह युवती अपने कमरे में नहीं मिली। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद कोरबी चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।

29 नवंबर को गांव से लगे जंगल में एक पेड़ पर युवती की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती मानसिक रूप से काफी परेशान थी। बताया जा रहा है कि लापता होने के बाद वह अपने प्रेमी के पास गई थी, जहां दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। इसके बाद युवती वहां से चली गई और जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने आज बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की गई। जांच में आरोपी द्वारा मानसिक प्रताड़ना की पुष्टि होने पर दिलराज मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी मजदूरी का काम करता है और पूर्व में भी युवती के साथ विवाद करता रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित