टिहरी , जून 10 -- उत्तराखंड के टिहरी में थाना लंबगांव क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से विवेचना कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी है और निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों, तकनीकी तथ्यों तथा पूछताछ के आधार पर नामजद दोनों आरोपितों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

बुधवार को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेषज्ञ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों से विवेचना को और अधिक तथ्यपरक तथा मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित