अलवर , मई 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में शुक्रवार देर रात युवक पर हुए जानलेवा हमले के बाद रविवार को सिख समुदाय के सैकड़ों लोग एकत्रित होकर रामगढ़ थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात गगनदीप सिंह पर थार गाड़ी में सवार होकर आए कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने बेसबॉल बैट, हॉकी और कांच की बोतलों से गगनदीप पर ताबड़तोड़ वार किये। हमले में घायल युवक का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना में गगनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस संबंध में शनिवार को घायल गगनदीप सिंह की मां ने रामगढ़ थाने में कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रविवार दोपहर सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रामगढ़ थाने पहुंचे और थानाधिकारी अजीत बड़सरा से मुलाकात करके आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

इस पर थानाधिकारी अजीत बड़सरा ने आश्वस्त किया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित