भिंड , मार्च 21 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक युवक ने कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

अभी कारणों का पता नहीं चला है। देहात थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना कुसमरा गांव में कल देर रात की है। रवि शाक्य (35) नाम का युवक हैदराबाद में किसी होटल में काम करता था। पांच दिन पहले ही वो वहां से लौटा था। वहीं उसकी पत्नी एक महीने से अपने बेटे के साथ मायके में रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी वापस लौट आई।

परिजन ने पुलिस को बताया कि रवि कल दोपहर अपने भाई मुकेश के साथ फसल काटने के लिए खेत गया था। शाम को घर लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। देर रात उसने कमरे के अंदर कट्टे से खुद को गोली मार ली। जिस समय रवि ने यह कदम उठाया उस समय घर में उसकी मां और भाई मुकेश थे। गोली की आवाज सुनकर दोनों दौड़कर कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि रवि खून से लथपथ जमीन पर गंभीर हालत में पड़ा है। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार अभी रवि के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित